फरीदाबाद: दिल्ली ,हरियाणा के रास्ते मथुरा और आगरा जाना अब बेहद आसान हो गया है। अब आपकी कार बिना जाम में फंसे फर्राटा भरते हुए दौड़ेगी और आपको कहीं रूकना नहीं पड़ेगा। जी-हां नेशनल हाईवे नंबर-2 पर हरियाणा के पलवल शहर में हर समय लगने वाले जाम से अब छुटकारा मिल गया है। पलवल के शुरू होते ही अब लोगों को शहर के अंदर जाकर घंटों तक जाम में फंसने की जरूरत नहीं होगी।
पलवल शहर के शुरू होने से पहले ही सैक्टर 2 के पास अब आपकी कार सीधे फ्लाईओवर पर चढ़ेगी और वहीं से तेज स्पीड से दौड़ते हुए पूरे शहर को क्रॉस करते हुए मथुरा और आगरा के लिए दौड़ती चली जाएगी। हाल ही में पलवल के पास निर्माणधीन इस फ्लाईओवर को शुरू कर दिया गया है। 3.25 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर पर 215 करोड़ रुपए की लागत आई है। इस फ्लाईओवर के शुरू होने से दिल्ली से कोसी बार्डर तक का सफर महज 45 मिनट में पूरा हो जाएगा।
केंद्रीय मंत्री गुर्जर ने किया शुभारंभ
बता दें कि हाल ही में केंद्रीय राज्यमंत्री एवं फरीदाबाद के सांसद कृष्णपाल गुर्जर ने इस फ्लाईओवर का शुभारंभ करवाया है तथा केंद्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने एक टवीट के जरिए इसकी जानकारी आम लोगों के साथ सांझा की है। इस फ्लाईओवर के शुरू होने से लोगों को काफी राहत महसूस हुई है, जबकि यह फ्लाईओवर कई सालों से लटका हुआ था। जिसकी वजह से लोगों को पलवल पार करने के लिए घंटों तक कई किलोमीटर लंबे जाम में फंसने के लिए मजबूर रहना पड़ता था। प्रतिदिन हजारों लोगों को इस जाम भरे रास्ते से जूझकर ही निकलना होता था। कई बार तो इस रोड पर 10 से 12 किलोमीटर जाम भी लगता था। मगर इस फ्लाईओवरी के शुरू होने से अब लोगों को पलवल शहर में जाने की जरूरत नहीं होगी।
पुल के नीचे बनीं 10 लेन की सडक़
इस फोरलेन फ्लाईओवर के नीचे भी एक दस लेन की रोड का निर्माण किया गया है। ताकि जो लोग फ्लाईओवर की बजाए नीचे से जाना चाहें, उन्हें भी जाम से जूझने की नौबत का सामना ना करना पड़े। इस फ्लाईओवर की शुरूआत पलवल सैक्टर-2 से शुरू होकर ताऊ देवीलाल पार्क पर जाकर पूरा होगा। जो लोग इस फ्लाईओवर से यात्रा करेंगे, उन्हें अब पलवल के जाम से पूरी तरह से छुटकारा मिल जाएगा। वह पलवल के शुरू होने से पहले ही इस फ्लाईओवर पर चढ़ेंगे और शहर खत्म होने के बाद ही नीचे उतरेंगे। केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने इस फ्लाईओवर को भाजपा सरकार की एक बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि इससे अब लोगों को काफी राहत मिलेगी। दिल्ली और हरियाणा के रास्ते लोग अब जल्दी से जल्दी मथुरा-आगरा तक का सफर तय कर पाएंगे। चंद मिनटों में लोग फर्राटा भरते हुए आगरा पहुंच सकेंगे।
इन चौराहों पर लगता था जाम
इस फ्लाईओवर के बनने से पलवल के अलावलपुर चौक से लेकर बस स्टैंड, किठवाडी चौक, रसूलपुर चौक, तथा आगरा चौक के भयंकर जाम से राहत मिलेगी। बता दें कि इन सभी चौराहों पर लोगों को लंबे जाम का सामना करते हुए घंटों फंसा रहना पड़ता था। इस फ्लाईओवर के निर्माण को लेकर लोग काफी परेशान थे और उनकी यह मांग कई सालों से लटकी हुई थी। मगर अब इस फ्लाईओवर के बनने के बाद लोगों में खुशी दिखाई दे रही है। पुल के नीचे बनी 10 लेन की सडक़ से भी लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी। इससे भी लोगों में खुशी की लहर है। लोगों को लगता है कि यह फ्लाइओवर पलवल शहर के लिए वरदान साबित होगा।