New Delhi: बॉलीवुड में संजय लीला भंसाली एक मशहूर फिल्म निर्देशक हैं। संजय ने कई सुपरहिट फिल्में भारतीय सिनेमा को दी हैं। लेकिन ये सब एक साथ नहीं हुआ इसके पीछे संजय की कड़ी मेहनत और संघर्ष भी छिपा हुआ है। वहीं माना जाता है कि संजय को एक फिल्म ने रातों रात बॉलीवुड का मशहूर फिल्म निर्देशक बना दिया था। आज संजय अपना 59वां जन्मदिन मना रहे हैं।
संजय लीला भंसाली का जन्म 24 फरवरी 1963 में महाराष्ट्र के मुंबई में ही हुआ था। शुरुआत से ही उन्हें फिल्मी दुनिया में जाने का शौक था। संजय ने पुणे के फिल्म एंड टेलीविज़न इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से ही अपनी पढ़ाई को पूरा किया है। इसके बाद संजय ने परिंदा, 1942 अ लव स्टोरी फिल्मों में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया और 1996 में आई फिल्म खामोशी में बतौर डायरेक्टर काम किया।
इस फिल्म ने बदल दी संजय की किस्मत
शुरुआत में संजय को फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा था। ऐसे में 1999 में संजय ने फिल्म हम दिल दे चुके सनम को बनाया। जिसमें सलमान, अजय और एश्वर्या नज़र आए थे। इस फिल्म में संजय ने राइटर, प्रोड्यूसर और डायरेक्टर तीनों का काम किया था। इस फिल्म को दर्शकों ने भी खूब पसंद किया। इस फिल्म ने ही संजय को बॉलीवुड में रातों रात स्टार बना दिया था। इसके बाद संजय ने हिन्दी सिनेमा को देवदास, रामलीला, बाजीराव मस्तानी, पद्मावत जैसी सुपरहिट फिल्में दी।
मिल चुके हैं कई सम्मान
अपने हुनर के कारण संजय को कई सम्मान भी दिए जा चुके हैं। 2015 में संजय को इस क्षेत्र में अहम योगदान देने के लिए पद्मश्री से भी नवाजा गया था। वहीं उन्हें कई बार फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिल चुका है। उनकी फिल्मों का भी उनके फैन्स को बेसब्री से इंटेजरा रहता है। हालांकि ये बात और है कि संजय की फिल्में रिलीज़ होने से पहले ही कई बार विवाद का हिस्सा बन जाती हैं।
अपनी माँ के नाम से जाने जाते हैं संजय
संजय की माँ का नाम लीला था। वे अपनी माँ से बेहद प्यार करते थे। इसलिए आज वे अपने नाम के साथ अपनी माँ का नाम भी जोड़ते हैं और उन्हें संजय लीला भंसाली के नाम से ही जाना जाता है। संजय ने अपनी फिल्मों से कई स्टार्स को पहचान दिलाई है। वहीं अब उनकी बनाई फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी भी कल रिलीज़ होने वाली है।